राष्ट्रीय सुशासन केन्द्र (एनसीजीसी) और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बांग्लादेश के प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए एक क्षमता निर्माण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम के पश्चात बांग्लादेश के अधिकारियों ने गांवों का भ्रमण भी किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन और एसोसिएट प्रोफेसर एपी सिंह ने बांग्लादेश के प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था से लेकर स्थानीय निकायों, तहसील, जनपद और मंडल स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास प्राधिकरण, लोकसभा क्षेत्र, विधानसभा क्षेत्र, कृषि के अन्तर्गत प्रमुख उत्पाद व फसलें, वन डिस्ट्रिक्ट टू प्रोडक्ट योजना, औद्यानिकीकरण, उद्योग, शिक्षा, जन स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, विद्युत एवं पेयजल की आपूर्ति, परिवहन एवं संचार, पर्यटन, रोजगार, बैंकिंग व्यवस्था, एकीकृत बाल विकास परियोजना, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण तथा पुलिस व्यवस्था आदि की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक ढांचे के अन्तर्गत जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदि अधिकारियों की क्या-क्या भूमिकाएं होती हैं। इसके सम्बन्ध में भी जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम के पश्चात बांग्लादेश के अधिकारियों ने विकास भवन परिसर में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के लगाये गये स्टालों को देखा और उनके उत्पादित सामग्री का जायजा लिया।
इस अवसर पर पीडी केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, अपर सांख्यिकीय अधिकारी सुभाष शाक्य सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
