अपराध मुक्त झारखंड, राज्य सरकार की प्राथमिकता : चम्पाई सोरेन | The Voice TV

Quote :

असफलताओं के बावजूद, अपना मनोबल ऊँचा रखें. अंत में सफलता आपको अवश्य मिलेगी । “ - धीरूभाई अंबानी

National

अपराध मुक्त झारखंड, राज्य सरकार की प्राथमिकता : चम्पाई सोरेन

Date : 04-Feb-2024

रांची, 4 फरवरी । मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने रविवार को कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य में विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित एक उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अपराध मुक्त झारखंड, राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से राज्य में विधि व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की विस्तृत जानकारी रखी।

बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को अवगत कराया कि पिछले दिनों नामकुम थाना क्षेत्र में असामाजिक तत्वों ने जेएसएससी बिल्डिंग में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया है, जिस पर पुलिस प्रशासन ने एफआईआर दर्ज किया है और अनुसंधान भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी का गठन कर जल्द से जल्द मामले का उद्भेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाए। साथ ही कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इस निमित्त कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने धनबाद के झरिया में हुई घटना की भी जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झरिया में घटित घटना पर एफआईआर दर्ज कर त्वरित जांच की जाए। पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जानकारी दी कि इस घटना पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर है। कई गिरफ्तारियां भी की गई हैं। अनुसंधान जारी है।

हत्या, महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों का उद्भेदन सुनिश्चित हो

मुख्यमंत्री ने महिला अत्याचार से संबंधित समीक्षा की। इस संबंध में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राज्य में विधि व्यवस्था संधारण में प्रयासों की वजह से सांप्रदायिक एवं संवेदनशील घटनाओं में कमी आई है। झारखंड पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से अपराध शीर्ष यथा दहेज प्रताड़ना, चोरी, पॉक्सो एवं हत्या के मामलों में भी कमी आई है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement