प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था वैश्विक चुनौती के दौर में आशा की एक नई किरण बनकर उभरी है। एक बिजनेस न्यूज पोर्टल की रिपोर्ट साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मजबूत विकास और चुनौतियों से उबरने की क्षमता देश के भविष्य के लिए आशाजनक है। उन्होंने सभी से विकास की गति बनाए रखने और 140 करोड़ भारतीयों की समृद्धि सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था ने, न केवल चुनौतियों का सामना किया है, बल्कि आर्थिक आशावाद का आधार भी तैयार किया है। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2025 तक, भारत का विनिर्माण क्षेत्र दस खरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है, भारत की जनसंख्या चीन से ज्यादा हो गई है और अधिकांश भारतीय युवा हैं। अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि, अमरीका, चीन, जापान और जर्मनी के बाद भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और वर्ष 2027 तक ये दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हो जायेगी।
