मुंबई, 17 अगस्त। अरब सागर में मुंबई से करीब 200 किमी दूर एक जहाज में चीनी नागरिक को भारतीय तट रक्षक की टीम ने मुंबई लाकर चिकित्सा सेवा उपलब्ध करवाई। इससे चीनी नागरिक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार 16-17 अगस्त की मध्यरात्रि को अरब सागर में मुंबई से लगभग 200 किमी दूर पनामा-ध्वजांकित अनुसंधान जहाज में अनुसंधान दल के सदस्य यिन वेइगयांग को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें तत्काल इलाज की जरुरत थी। जहाज पर सवार सभी सदस्य चीन से संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर निकले थे। इसकी जानकारी भारतीय तट रक्षक को दी गई। इसके बाद भारतीय तटरक्षक दल ने उनसे तुरंत संपर्क किया गया और टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सा सलाह दी । लेकिन जब इससे मरीज को आराम नहीं हुआ तो भारतीय तटरक्षक दल ने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर की मदद से मरीज को तत्काल मुंबई शिफ्ट किया। इसके बाद मरीज का मुंबई में उपचार किया गया और उनकी जान बच गई। इसके बाद मुंबई तटरक्षक दल की हर जगह तारीफ हो रही है।
