विकसित भारत संकल्प यात्रा में दो करोड़ से अधिक लोगों ने लिया भाग | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

विकसित भारत संकल्प यात्रा में दो करोड़ से अधिक लोगों ने लिया भाग

Date : 14-Dec-2023

 नई दिल्ली, 14 दिसंबर  । विकसित भारत संकल्प यात्रा में लोगों की भागीदारी दो करोड़ के पार हो गई है। गुरुवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में पिछले सात दिनों में ही लोगों की भागीदारी दोगुनी हो गई है। एक हफ्ते पहले इन यात्राओं में एक करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया था लेकिन अब यह संख्या बढ़कर गुरुवार को दो करोड़ हो गई है।

मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा लगभग 60,000 ग्राम पंचायतों तक पहुंच चुकी है। यात्रा की "मेरी कहानी, मेरी ज़ुबानी" पहल के तहत 1.30 करोड़ से अधिक लोगों ने अपने अनुभवों और आकांक्षाओं को साझा किया। इस विकसित भारत संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें अब तक 42 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। मंत्रालय के मुताबिक यात्रा में भागीदारी के मामले में, लगभग 80 लाख प्रतिभागियों के साथ उत्तर प्रदेश अग्रणी है। उसके बाद 29 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ महाराष्ट्र और 23 लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ गुजरात तीसरे स्थान पर है।

यात्रा के दौरान 29,000 से अधिक ग्राम पंचायतों में आयुष्मान कार्ड्स में शत प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया है, 18,000 से अधिक ग्राम पंचायतें 'हर घर जल' योजना से 100 फीसदी जुड़ चुकी हैं। 34,000 से अधिक ग्राम पंचायतों ने भूमि रिकॉर्ड का पूर्ण डिजिटलीकरण कर लिया गया है। स्वच्छ भारत पहल के तहत 9,000 से अधिक ग्राम पंचायतें ओडीएफ प्लस मॉडल मानदंडों को पूरा करती हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। इस यात्रा के माध्यम से सरकार अपनी महत्वाकांक्षी पहल और योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। इसका उद्देश्य सरकार और लोगों के बीच की दूरी को पाटना, समुदायों को सशक्त बनाना और एक समावेशी और विकासशील भारत की नींव रखना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement