आदिवासी दिवस: राहुल गांधी आज मानगढ़ धाम पर, गौरव पर्व के रूप में मनाएगी कांग्रेस | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

आदिवासी दिवस: राहुल गांधी आज मानगढ़ धाम पर, गौरव पर्व के रूप में मनाएगी कांग्रेस

Date : 09-Aug-2023

 बांसवाड़ा/जयपुर। राजस्थान कांग्रेस विश्व आदिवासी दिवस को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम पर आदिवासी गौरव पर्व के रूप में मनाएगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी मानगढ़ धाम पर बुधवार दोपहर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। राहुल गांधी की सभा में अधिकाधिक लोगों को ले जाने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से अंचल के सभी विधानसभा क्षेत्रों से व्यवस्थाएं की गई हैं।

राहुल गांधी की सभा को लेकर प्रदेश प्रभारी एसएस रंधावा व प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बांसवाड़ा पहुंचकर कमान संभाल ली है। बुधवार को मानगढ़ धाम पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया, भंवरसिंह भाटी, ममता भूपेश, गोविंद मेघवाल, शकुंतला रावत, रफीक खान, जगदीशराज श्रीमाली सहित अन्य मंत्री व विधायक कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। मानगढ़ धाम पर तैयारियों की कमान जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया ने संभाल रखी है।

मानगढ़ धाम पर होने वाली आम सभा में आने वाले लोगों को अपने वाहन सुबह 11 बजे तक ढालरिया गांव तक ले जाने की अनुमति होगी। इसके पश्चात कोई भी निजी वाहन खेडापा तिराहा से आगे ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आनंदपुरी से लेकर आमलिया हेलिपेड तक 10 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं।

उल्लेखनीय है कि मानगढ़ धाम राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र चार राज्यों के आदिवासी समाज के लिए आराध्य स्थल है। भील आदिवासियों के नेता गोविंद गुरु की अगुवाई में अंग्रेजों के खिलाफ यहां से सबसे बड़ी जंग लड़ी थी। इस जंग ने अंग्रेजों को नाकों चने चबाने पर मजबूर कर दिया था। इसी से बौखलाए अंग्रेजी शासन ने 17 नवंबर 1913 को राजस्थान गुजरात की सीमा पर बांसवाड़ा के मानगढ़ में करीब 1500 भील आदिवासियों को मौत के घाट उतार दिया था। उनकी याद में मानगढ़ पहाड़ी पर एक स्मारक बनाया गया था। इसे मानगढ़ धाम कहते हैं। मध्यप्रदेश और राजस्थान में इसी साल चुनाव हैं। ऐसे में राहुल गांधी के दौरे को राजस्थान की 25 और मध्यप्रदेश की 45 सीटों काे साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement