देश के उत्तर-पश्चिमी भाग के अधिकांश राज्यों में इस वर्ष मानसून के दौरान 'अत्यधिक' या 'बहुत अधिक' वर्षा हुई है, जबकि 1998 से 2018 के बीच मानसून के बाद के मौसम में अरब सागर के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफानों की संख्या बढ़ गई है।
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1901 से 2018 के दौरान देश का औसत तापमान लगभग शून्य दशमलव सात डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। वर्ष 1950 से 2015 के दौरान अत्यधिक दैनिक वर्षा की मात्रा में भी लगभग 75 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसमें प्रतिदिन 150 मिली मीटर से अधिक वर्षा की तीव्रता भी शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई दशकों में उत्तरी हिंद महासागर में समुद्र के स्तर में प्रति वर्ष तीन दशमलव तीन मिली मीटर की वृद्धि हुई है।
