शिमला,(हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को नई दिल्ली पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद सुक्खू का यह दिल्ली का पहला दौरा है। इस दौरान वे नई दिल्ली में केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसी कड़ी में उन्होंने बुधवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला से शिष्टाचार मुलाकात की। शुक्ला ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने पार्टी को भरपूर सहयोग प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि प्रदेशवासियों से किए गए सभी वायदों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सुक्खू गुरुवार को राजस्थान भी जाएंगे। वे शुक्रवार को दौसा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अगिनहोत्री भी उनके साथ रहेंगे। उनके साथ हिमाचल से कांग्रेस के सभी विधायक भी इस यात्रा में भाग लेंगे।
जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को ही दिल्ली लौट आएंगे। उनका 17 और 18 दिसबंर को दिल्ली में रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान में कांग्रेस पार्टी के केन्द्रीय नेताओं से प्रदेश सरकार के भावी मंत्रिमण्डल के गठन को लेकर भी चर्चा करेंगे। उसके बाद ही हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमण्डल का विस्तार किया जाएगा।
