बेगूसराय, 09 दिसम्बर (हि.स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को आत्मचिंतन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि कल दो राज्यों गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम सामने आए हैं। हिमाचल प्रदेश में हम हारे नहीं हैं, वहां तो बदलाव होते रहता है। हिमाचल प्रदेश की जनता को भाजपा के पक्ष में बेहतर वोटिंग के लिए धन्यवाद।
गिरिराज सिंह ने कहा है कि गुजरात ने तो इतिहास रचा है। गुजरात की जनता ने गुजरात के अपमान का बदला ले लिया। नरेन्द्र मोदी गुजरात के आन, बान और शान हैं। कांग्रेस वहां मात्र 17 सीटों पर सिमट गई और उसका वोट प्रतिशत 18 प्रतिशत गिर गया। इसके लिए कांग्रेस को आत्मचिंतन करना चाहिए। गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान वहां एक बहरूपिया भी गए थे। बहरूपिया ने कहा था कि हमारी सरकार बन रही है लेकिन जनता ने उनको भी बाय-बाय कर दिया।
उन्होंने कहा है कि गुजरात की जनता, खासकर युवाओं को इसके लिए कोटि-कोटि धन्यवाद कि गुजरात के अपमान का बदला स्वाभिमान के लिए वोट डाल कर ले लिया। गुजरात की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में ऐतिहासिक समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सर्वस्पर्शी योजना तथा ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के नेतृत्वकर्ता जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं के साथ यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है।
