इतिहास के पन्नों में 02 अक्टूबरः साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

इतिहास के पन्नों में 02 अक्टूबरः साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल

Date : 01-Oct-2023

 देश-दुनिया के इतिहास में 02 अक्टूबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत के संदर्भ में या यूं कहा जाए कि दुनिया को अहिंसा और शांति का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को कृतज्ञता से याद करने के लिए भी दर्ज है। 'दे दी हमें आजादी बिना खड़ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल...' वैसे तो यह एक फिल्म का गीत है। मगर इसको सुनते ही महात्मा गांधी की पूरी काया आंखों के सामने तैर जाती है। महात्मा गांधी को दुनिया बापू भी कहती है। उनका पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी था। गांधी जी का जन्म दो अक्टूबर 1869 को पोरबंदर में हुआ था। पोरबंदर के दीवान करमचंद गांधी और उनकी चौथी पत्नी पुतलीबाई का बेटा मोहनदास ही आगे चलकर महात्मा बना।



महात्मा गांधी ने अपनी आत्मकथा 'सत्य के साथ मेरे प्रयोग' में बताया है कि बचपन में परिवार और मां के धार्मिक होने का उन पर गहरा असर पड़ा। शुरुआती पढ़ाई पोरबंदर में हुई और फिर राजकोट में। 1883 में 13 साल की उम्र में कस्तूरबा से शादी हो गई। 1888 में वकालत पढ़ने इंग्लैंड गए। लौटकर बंबई (मुंबई) में वकालत शुरू की, लेकिन चली नहीं। इसी दौरान 1893 में गुजराती व्यापारी शेख अब्दुल्ला के बुलावे पर दक्षिण अफ्रीका गए और वहीं के हो गए। डरबन से प्रिटोरिया जा रहे थे, तब फर्स्ट क्लास का टिकट होने के बावजूद एक गोरे ने उन्हें रात को ट्रेन से उतार दिया। स्टेशन पर रात बितानी पड़ी। इसने उन्हें भारतीयों के साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा दी।



दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने प्रवासी भारतीयों के अधिकारों और रंगभेद नीति के खिलाफ सफल आंदोलन किए। तब तक उनकी ख्याति भारत पहुंच चुकी थी। 1915 में जब भारत लौटे, तो मुंबई में स्वागत करने कई कांग्रेसी नेता पहुंचे। इनमें गोपाल कृष्ण गोखले भी थे। उन्हें गांधी जी का राजनीतिक गुरु भी कहा जाता है। गोखले की सलाह पर ही गांधीजी ने देश का भ्रमण किया। 1917 में चंपारन से नील आंदोलन की शुरुआत की और सफलता मिली। इसने गांधीजी की लोकप्रियता कई गुना बढ़ा दी। 1918 में उन्होंने खेड़ा (गुजरात) आंदोलन का नेतृत्व किया।



1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद उन्होंने अंग्रेजों से मिले सभी पुरस्कार लौटा दिए। रौलेट एक्ट के खिलाफ सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू किया। 1930 में गांधीजी ने दांडी मार्च किया। नमक सत्याग्रह नाम से मशहूर महात्मा गांधी की 200 मील लंबी यात्रा में ब्रिटिश कानून तोड़ा गया। राजनीति से दूर होने के बाद भी वे 1942 में अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में शामिल हुए। इस दौरान आजाद हिंद फौज की सक्रियता, नौसेना विद्रोह और दूसरे विश्वयुद्ध से बने हालात को देखते हुए अंग्रेजों ने भारत छोड़ने का मन बना लिया था। इस बीच, 15 अगस्त 1947 को हिंदुस्तान आजाद हो गया। हालांकि, बंटवारा हुआ और भारत-पाकिस्तान दो देश बने। बंटवारे के लिए एक तबका गांधीजी को दोषी समझता था।



महात्मा गांधी के विचारों में सबसे ताकतवर था अहिंसा का विचार। इसे दुनिया के कई देशों में क्रांति और विरोध का हथियार बनाया गया। 15 जून 2007 को संयुक्त राष्ट्र की महासभा ने प्रस्ताव पारित कर दो अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के तौर पर मनाने का फैसला किया और यह सिलसिला आज भी जारी है।
 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement