मुंबई, 24 जनवरी । महाराष्ट्र के मुंब्रा में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी की नवनिर्वाचित पार्षद सहर यूनुस शेख अपने विवादित बयान 'हम मुंब्रा को हरा बना देंगे' पर शनिवार को माफी मांग ली है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. किरीट सोमैया ने कहा कि सहर शेख के विवादित विवाद से मुंब्रा में तनाव का माहौल फैल गया था। इसी वजह से वे (किरीट सोमैया) और भाजपा नेता निरंजन डावखरे ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में जाकर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से मुलाकात की थी। इसके बाद सहर शेख ने पुलिस स्टेशन में माफीनामा लिखकर दिया।
सोमैया ने कहा कि सहर शेख कम उम्र की महिला हैं और पहली बार चुनकर आई हैं। इसलिए उन्होंने सहर शेख का माफीनामा स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि सहर शेख ने राष्ट्रहित में काम करने की भी बात की है। इसी वजह से उन्होंने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज नहीं करवाया है। हालांकि सहर शेख ने कहा कि उन्होंने मुंब्रा में पेड़ लगाकर हरा करने की बात की थी। लेकिन अगर इस पर आपत्ति उठाई जा रही है तो वे बिना शर्त अपने व्यक्तव्य के लिए माफी मांग रही हैं।
