भारत के चार जहाज़ों ने किया थाईलैंड का दौरा, समुद्री दोस्ती हुई और मजबूत | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

भारत के चार जहाज़ों ने किया थाईलैंड का दौरा, समुद्री दोस्ती हुई और मजबूत

Date : 29-Sep-2023

 नई दिल्ली, 29 सितंबर ।भारतीय नौसेना की पहली प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के तीन जहाजों ने लंबी दूरी की तैनाती के हिस्से के रूप में फुकेत (थाईलैंड) का दौरा किया। इस प्रशिक्षण दौरे में तटरक्षक बल का जहाज आईसीजीएस सारथी भी शामिल था। रॉयल थाई नेवी (आरटीएन) के बैंड ने धूमधाम से गर्मजोशी के साथ भारतीय जहाजों का स्वागत किया। इस यात्रा में दोनों नौसेनाओं के कर्मी क्रॉस ट्रेनिंग दौरों, पेशेवर बातचीत, खेल कार्यक्रमों और संयुक्त योग सत्रों में शामिल हुए।

भारतीय नौसेना ने अपनी पहली प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के तीन जहाज़ों आईएनएस तिर, आईएनएस सुजाता और आईएनएस सुदर्शनी को लंबी दूरी की तैनाती के हिस्से के रूप में फुकेत भेजा था। इनके साथ तटरक्षक बल के जहाज आईसीजीएस सारथी ने भी फुकेत का दौरा किया। यह चारों भारतीय जहाज 25-28 सितंबर तक विदेशी तैनाती पर रहे और रॉयल थाई नेवी (आरटीएन) बैंड की ओर से जहाजों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन सर्वप्रीत सिंह ने जहाजों के कमांडिंग अधिकारियों के साथ थाई नौसेना के चीफ ऑफ स्टाफ रियर एडमिरल पुचोंग रोडनिक्रोन से मुलाकात की। आईएनएस तिर पर आरटीएन अधिकारियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ तीसरे नौसेना क्षेत्र कमान के चीफ ऑफ स्टाफ के लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। जहाज़ों को आगंतुकों के लिए खुला रखा गया और विभिन्न स्कूलों के बच्चों को जहाजों पर ले जाया गया। प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के प्रशिक्षुओं ने फांग नगा नौसेना बेस पर नौसेना अकादमी का दौरा किया।

इस यात्रा में दोनों नौसेनाओं के कर्मी क्रॉस ट्रेनिंग दौरों, पेशेवर बातचीत, खेल कार्यक्रमों और संयुक्त योग सत्रों में शामिल हुए। रॉयल थाई नेवल शिप क्लेंग के साथ मैरीटाइम ट्रेनिंग पार्टनरशिप एक्सरसाइज के हिस्से के रूप में प्रशिक्षुओं की क्रॉस एम्बार्केशन, युद्धाभ्यास आयोजित किए गए। नौसेना के मुताबिक भारतीय जहाज़ों की यह थाईलैंड यात्रा दोनों देशों के बीच समुद्री संबंधों और दोनों नौसेनाओं के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करती है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement