लोकसभा अध्यक्ष ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

लोकसभा अध्यक्ष ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा

Date : 26-Jan-2026

 नई दिल्ली, 26 जनवरी । गणतंत्र दिवस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यहां अपने आवास पर राष्ट्र ध्वज फहराकर देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल झंडा फहराने या परेड देखने का दिन नहीं है, बल्कि यह दिन देश के संविधान को अपनाने और उसके आदर्शों के अनुसार चलने का दिन है। उन्होंने याद दिलाया कि 76 साल पहले भारत ने अपने संविधान को अपनाया, जो दुनिया का सबसे लंबा लिखित संविधान है और आज भी यह देश की जनता के लिए मार्गदर्शक के रूप में कार्य करता है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम सभी मिलकर भारत को 2047 तक विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए काम करेंगे, जब देश स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मना रहा होगा। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानून और नियमों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र, समानता, न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों का जीवंत मार्गदर्शन है।

उन्होंने नागरिकों से यह अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और संविधान के आदर्शों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हम सभी का कर्तव्य है कि हम देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखें।

लोकसभा अध्यक्ष ने विशेष रूप से युवाओं को देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए नेतृत्व करना चाहिए और अपने कौशल तथा ज्ञान का उपयोग समाज और देश की भलाई के लिए करना चाहिए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement