पन्ना,(हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भाजपा के बारे में अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कोई आश्चर्यजनक बात नहीं है। यही कांग्रेस और उसके नेताओं की असली मानसिकता है, जिसका परिचय खड़गे जी ने दिया है। अपनी बयानबाज़ी में अमर्यादित शब्दों का उपयोग कांग्रेस नेताओं की पुरानी आदत रही है।
यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को छतरपुर और पन्ना में जिला भाजपा की विस्तारित बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से खिसिया गई है। इसीलिए अब कांग्रेस गाली-गलौच के स्तर पर उतर आई है। भाजपा के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने जो बयान दिया है, वह भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं का अपमान है। इस बयान के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
हमें संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना है
शर्मा ने कहा कि देश के 75 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा है। हमारे कार्यकर्ता पंच, सरपंच से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का दायित्व निभा रहे हैं। हमारे विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ और प्रकल्प के माध्यम से हमें संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना है। हमारा एकमात्र लक्ष्य संगठन की मजबूती हो। हम सब कार्यकर्ता मिलकर 51 प्रतिशत वोट प्रत्येक बूथ पर मिले, इसकी तैयारी करनी है।
उन्होंने कहा कि अलग अलग मोर्चा, विभिन्न अभियान और कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने का काम कर रहे हैं। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के विश्वास से हम ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। उन्होंने खजुराहो में आयोजित होने वाली जी-20 देशों की बैठक को लेकर कहा कि खजुराहो में इन बैठकों का आयोजन होना गौरव की बात है।
प्रत्येक बूथ पर 25 को कार्यकर्ता सुनेंगे मन की बात कार्यक्रम
शर्मा ने कहा कि 25 दिसंबर को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी जी की जयंती है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। साथ ही श्रद्धेय अटलजी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनायी जायेगी। उन्होंने कहा कि खजुराहो में हमें स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रीन खजुराहो, क्लीन खजुराहो का संदेश देना है। बैठक को प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया।
प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में विस्तारित पदाधिकारी बैठकें आयोजित की गयी थी। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सिवनी में आयोजित बैठक में शामिल हुए। इसी प्रकार पार्टी के अन्य पदाधिकारी जिलों की विस्तारित पदाधिकारी बैठकों में उपस्थित रहे।
