पी-20 अब तक का सबसे सफल शिखर सम्मेलन रहा : ओम बिरला | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

पी-20 अब तक का सबसे सफल शिखर सम्मेलन रहा : ओम बिरला

Date : 15-Oct-2023

 नई दिल्ली, 15 अक्टूबर । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जी-20 देशों की संसद के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन पी-20 को अब तक का सबसे सफल शिखर सम्मेलन बताया है। बिरला ने रविवार को कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संयुक्त घोषणा पत्र पर आम सहमति के बाद अब पी-20 में भी देश संयुक्त घोषणा पत्र पर आम सहमति बनाने में कामयाब रहे।

संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल के अनुरूप सम्मेलन में भारत की प्रेरक भूमिका के तहत महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को प्रोत्साहित करने पर सहमति बनी। भारतीय संसद द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन विधेयक 2023 का सभी देशों ने स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष इंडोनेशिया में संयुक्त घोषणा पत्र पर सहमति नहीं बन सकी थी। बिरला ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पी-20 में संयुक्त घोषणा पत्र पर सहमति भारत के नेतृत्व और संकल्पशक्ति को प्रदर्शित करती है।

बिरला ने गर्व व्यक्त किया कि ऐतिहासिक दृष्टिकोण से नई दिल्ली पी-20 सम्मलेन में अब तक की सबसे अधिक भागीदारी हुई। अफ्रीकी संघ को जी-20 के सदस्य के रूप में शामिल किए जाने के बाद पैन-अफ्रीकी संसद ने पहली बार पी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लिया। जी-20 और आमंत्रित देशों की संसदों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के अलावा 48 संसद सदस्यों समेत कुल 436 प्रतिनिधियों ने शिखर सम्मेलन में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी स्वरूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा करता है। वैश्विक शांति और समृद्धि का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद शांति और विकास में बाधक है। आतंक से सभी स्रोतों को सामूहिक संकल्पशक्ति से परास्त करना होगा।

आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) और डेटा सुरक्षा का जिक्र कर बिरला ने कहा कि सम्मेलन में कुछ देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के विश्वसनीय और उत्तरदायित्वपूर्ण प्रयोग और डेटा सुरक्षा पर बल दिया। सभी देशों ने उत्तरदायित्वपूर्ण एआई विकास और डेटा सुरक्षा से संबंधित आयामों पर ध्यान दिये जाने की आवश्यकता पर बल दिया। बिरला ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जवाबदेह और विश्वसनीय होनी चाहिए। बिरला ने बताया कि पी-20 देशों ने विधायी प्रारूपण के लिए डोमेन ज्ञान को बढ़ाने के लिए एक समूह बनाने पर भी सहमति व्यक्त की।

बिरला ने बताया कि भारत की जी-20 प्रेसीडेंसी की थीम के अनुरूप 9वें पी-20 शिखर सम्मेलन का विषय ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के लिए संसदें’ रहा। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली पी-20 शिखर सम्मेलन शिष्टमंडलों की भागीदारी के मामले में अब तक का सबसे सफल पी-20 शिखर सम्मेलन रहा। उन्होंने सूचित किया कि सम्मेलन में जी-20 देशों के अलावा 10 अन्य देशों को आमंत्रित किया गया था जिनमें एक को छोड़ शेष सभी देश सम्मिलित हुए। शिखर सम्मेलन में कुल 29 देशों से 37 अध्यक्षों/उपाध्यक्षों और शिष्टमंडलों के नेताओं ने भाग लिया।

डिजिटल प्लेटफार्म्स की भूमिका विषय पर हुई चर्चा पर बिरला ने बताया कि सम्मेलन के दौरान सभी देशों ने आमजन के जीवन में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन लाने में डिजिटल प्लेटफार्म्स की भूमिका को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि सभी देशों ने सहमति जताई कि इससे सर्विस डिलिवरी और इनोवेशन को सुगम बनाया जा सकता है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement