लखनऊ, 21 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत अवध प्रांत के पांच दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को लखनऊ पहुंचेंगे। इस दौरान वह प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अवध क्षेत्र में संघ कार्य विस्तार की हकीकत से रूबरू होंगे।
डॉ. भागवत लखनऊ के निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज में अवध प्रांत के संघ पदाधिकारियों के साथ 22 से 26 सितंबर तक बैठक करेंगे। वर्तमान में कुटुम्ब प्रबोधन, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता की गतिविधियां संघ संचालित कर रहा है। इनके जरिए समाज में परिवर्तन लाने के लिए स्वयंसेवक काम कर रहे हैं। संघ का उद्देश्य भेदभाव रहित हिन्दू समाज का निर्माण करना है।
अवध प्रांत के प्रचार प्रमुख डॉ. अशोक दुबे ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि सरसंघचालक डॉ. भागवत अवध प्रांत के विभिन्न सांगठनिक आयामों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान संगठन के कार्यों के विस्तार एवं दृढ़ीकरण की समीक्षा और विभिन्न श्रेणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
