लेबनान में भारतीय दूतावास ने बेरूत में "भारत में पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा" विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य भारत और लेबनान के बीच पर्यटन और व्यापारिक सहयोग को और मज़बूती देना था।
इस कार्यक्रम में भारतीय राजदूत नूर रहमान शेख ने पैनल चर्चा का संचालन किया, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और व्यापारिक संभावनाओं को रेखांकित किया गया।
लेबनान की पर्यटन मंत्री लौरा अल खज़ेन लाहौद इस अवसर पर मुख्य अतिथि रहीं, जबकि लेबनान-भारत संसदीय मैत्री समिति के अध्यक्ष सांसद अली ओसेर्रान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस संगोष्ठी में कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधि और प्रमुख व्यवसायी भी शामिल हुए।
मार्च 2025 में भी दूतावास ने एक बहु-क्षेत्रीय व्यावसायिक संगोष्ठी आयोजित की थी, जिसका उद्देश्य भारत-लेबनान व्यापारिक संबंधों को विस्तार देना था।
वाणिज्यिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 में भारत से लेबनान का आयात 337 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो 2024 में 323 मिलियन डॉलर था। भारत फिलहाल लेबनान का 11वां सबसे बड़ा आयात स्रोत है।
भारत और लेबनान ने 1954 में राजनयिक संबंध स्थापित किए थे और तब से दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार मजबूत होता जा रहा है।