रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त करने की जिम्मेदारी यूरोपीय देशों की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यूरोप के बढ़ते सैन्यीकरण का रूस कड़ा जवाब देगा।
दक्षिण रूस के सोची में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वल्दाई चर्चा मंच में 140 देशों के सुरक्षा और भू-राजनीतिक विशेषज्ञों को संबोधित करते हुए पुतिन ने यह बात कही। उन्होंने नाटो के हवाई क्षेत्र में कथित घुसपैठ को लेकर तनाव बढ़ने की आशंका जताई और स्पष्ट किया कि रूस किसी भी उकसावे का जवाब देने के लिए तैयार है।
पुतिन का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि यूरोपीय संघ के समर्थन से यूक्रेन अपने मूल स्वरूप को पुनः प्राप्त करने और विजय हासिल करने की स्थिति में है।
कुछ विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप का यह बयान संघर्ष को सुलझाने की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने की कोशिश है, जिससे अमेरिका खुद को सीधा शामिल होने से बचा सके।
इस बीच, पुतिन ने जोर देकर कहा कि यदि यूरोप वास्तव में शांति चाहता है, तो उसे पहल करनी होगी, अन्यथा परिणाम गंभीर हो सकते हैं।
