असम के 19 जिलों में बाढ़ का कहर, 1538 गांवों के 4,88,525 लोग प्रभावित | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

असम के 19 जिलों में बाढ़ का कहर, 1538 गांवों के 4,88,525 लोग प्रभावित

Date : 23-Jun-2023

 गुवाहाटी, 23 जून । असम में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक राज्य के 19 जिलों के 4,88,525 से अधिक नागरिक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में चार नदियां पांच स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसमें मानस (एनएच रोड क्रॉसिंग), पगलादिया (एनटी रोड क्रॉसिंग), पुठिमारी (एनएच रोड क्रॉसिंग) और ब्रह्मपुत्र (धुबड़ी; निमातीघाट) शामिल हैं। कई नदियों के तटबंध टूट गए और सड़कों को भी नुकसान हुआ है। प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।

 
असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आज बाढ़ प्रभावित जिलों के आंकड़े जारी किए गये हैं। बाढ़ प्रभावित 19 जिलों के ग्रामीण के साथ ही दो जिलों के शहरी इलाकों में भी बाढ़ का असर देखा जा रहा है। बाढ़ प्रभावित ग्रामीण जिलों में बजाली, बाक्सा, बरपेटा, बिश्वनाथ, बंगाईगांव, चिरांग, दरंग, धेमाजी, धुबड़ी, डिब्रूगढ़, ग्वालपारा, गोलाघाट, कामरूप (ग्रामीण), कोकराझार, लखीमपुर, नगांव, नलबाड़ी, तामुलपुर और उदालगुड़ी शामिल हैं। दरंग और कोकराझार जिलों के शहरी क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ से 54 राजस्व सर्किल अंतर्गत 1538 गांवों के 4 लाख 88 हजार 525 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 10782.80 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।
 
बाढ़ प्रभावितों के लिए कुल 140 राहत शिविर स्थापित किये गये हैं जबकि 75 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। राहत शिविरों में कुल 35142 लोग आश्रय लिये हुए हैं। बाढ़ से आज नलबाड़ी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। बाढ़ से राज्य के कुल 4 लाख 27 हजार 474 पशु धन प्रभावित हुए हैं। इनमें बड़े पशुओं की कुल संख्या 2 लाख 17 हजार 792 और छोटे पशुओं की 1 लाख 33 हजार 281 है जबकि 76 हजार 401 कुक्कुट भी प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के पानी में कुल 214 पशु बह गये। इनमें 2 बड़े, 12 छोटे पशु एवं 200 कुक्कुट शामिल हैं।
 
बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान के लिए एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग के साथ जिला पुलिस एवं नागरिक प्रशासन की टीमें तथा मेडिकल टीमें भी तैनात की गयी हैं। अब तक विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों से 5 नागरिकों को नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्यों में 5 नावों को तैनात किया गया है जबकि 63 मेडिकल टीमें अपनी सेवाएं बाढ़ प्रभावित इलाकों में दे रही हैं।
 
बाढ़ प्रभावितों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें 624.78 क्विंटल चावल, 123.22 क्विंटल दाल, 47.45 क्विंटल नमक, 3603.15 लीटर सरसों का तेल, पशुओं के लिए गेहूं का चोकर 5363.05 क्विंटल और चावल की भूसी 3731.81 क्विंटल शामिल हैं।
 
 
राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी तरह के आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement