रुड़की में विकसित भारत जी राम जी जनजागरण सम्मेलन | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

रुड़की में विकसित भारत जी राम जी जनजागरण सम्मेलन

Date : 19-Jan-2026

 हरिद्वार, 19 जनवरी । राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा आत्मनिर्भर बनेंगे। वह वीबी जी राम जी योजना जनजागरण अभियान सम्मेलन को सम्बोधित कर रहीं थीं।

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण एक्ट (वीबी जी राम जी) जनजागरण अभियान के अंतर्गत रुड़की नगर निगम सभागार में सम्मेलन का आयोजन किया गया। सांसद डॉ. कल्पना सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, सहित वक्ताओं ने अभियान के उद्देश्य, कार्ययोजना और इसके दूरगामी लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।

राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा स्थानीय संसाधनों के माध्यम से आजीविका के नए साधन विकसित करना है। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को इस मिशन के साथ जोड़कर पात्र लाभार्थियों तक सीधा लाभ पहुंचाया जाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि यह अभियान संगठन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही सफल हो सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस अभियान से जोड़ें और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं। उन्होंने इसे ग्रामीण भारत के समग्र विकास की मजबूत नींव बताया। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के समन्वित विकास के लिए ऐसे अभियानों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर कौशल विकास, लघु उद्योग और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक संजय अरोड़ा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।

सम्मेलन में सहसंयोजक सचिन झबरेडी, अनिल चौधरी, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़, जिला महामंत्री सागर गोयल, जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह की प्रमुख भूमिका रही।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement