सिरसा में गरजे अमित शाह- भाजपा ने हरियाणावासियों को थ्रीडी सरकार से दिलाई मुक्ति | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

सिरसा में गरजे अमित शाह- भाजपा ने हरियाणावासियों को थ्रीडी सरकार से दिलाई मुक्ति

Date : 18-Jun-2023

 चंडीगढ़, 18 जून । सिरसा में गौरवशाली भारत रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के विकास कार्यों को गिनाया ही, साथ में उन्होंने कांग्रेस पर खूब प्रहार किए। उन्होंने कहा कि पहले थ्रीडी यानी दरबारी, दामाद और डीलर की सरकार थी, अब विकास की सरकार है। हरियाणा प्रदेश और देश में विकास के ऐतिहासिक काम हो चुके हैं।

 
केन्द्रीय मंत्री शाह सिरसा की न्यू अनाज मंडी में रविवार को आयोजित गौरवशाली भारत रैली को संबोधित कर रहे थे। यह रैली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि हुड्डा के टाइम पर थ्रीडी यानी दरबारी, दामाद और डीलरों की सरकार थी। इसे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खत्म किया है। पहली बार हरियाणा को पूरे हरियाणा का मुख्यमंत्री मिला है। इससे पहले सिर्फ रोहतक का मुख्यमंत्री होता था। अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज करते हुए कहा कि वो जो बात करते हैं, उसका 10 साल का रिकार्ड लेकर आ जाओ, हरियाणा के किसानों का सबसे ज्यादा गेहूं और धान किसने खरीदा। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब ने दस सालों में कभी किसानों को सीधा रुपया नहीं भेजा। उन्होंने कहा कि नौ साल पहले 12 लाख करोड़ के घोटाले हुए थे। आज विरोधी भी मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकते। यूपीए सरकार में पाकिस्तान ने कई बार घुसपैठ की, लेकिन पाकिस्तान को सर्जिकल स्ट्राइक करके मुहतोड़ जवाब केवल भाजपा सरकार ने दिया है।
 
गृह मंत्री ने कहा कि जब-जब देश पर संकट आया, हरियाणा-पंजाब की भूमि के जवानों ने चट्टान की तरह बनकर दुश्मनों का मुकाबला किया। अपने खून से मां भारती को सुरक्षित किया। शाह ने कहा कि हरियाणा वालों आज कश्मीर हमारा है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। इस बार भी सभी सीटें मोदी की झोली में डालनी हैं।
 
अमित शाह ने पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व ताऊ देवीलाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के लिए जो सपने देखे, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा किया है। उन्होंने सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल की भी सराहना की। अमित शाह ने कहा कि मैं हरियाणा की माताओं को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने देश की सेना के लिए अपने बेटे दिए। उन्होंने किसानों को भी प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि पंजाब हरियाणा के किसानों ने देश में अन्न की जरूरत पर अन्न दिया है। उन्होंने खिलाडिय़ों की भी सराहना की। शाह ने कई बार धाकड़ खिलाड़ी, धाकड़ किसान, धाकड़ जवान और धाकड़ हरियाणा कहते हुए संबोधित किया।

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement