राजस्थान में गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, आज कई जिलों में बारिश की संभावना | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राजस्थान में गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, आज कई जिलों में बारिश की संभावना

Date : 17-Apr-2026

 जयपुर, 17 अप्रैल । राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम में आंशिक राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। यह बदलाव सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण होगा।

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हल्के प्रभाव वाला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के मौसम में परिवर्तन शुरू हो गया है। गुरुवार दोपहर बाद जोधपुर और बीकानेर संभाग में बादल छाने लगे और धूप का असर कुछ कम हुआ। मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चूरू, सीकर और अलवर सहित कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी जयपुर में भी गुरुवार शाम से बादल छाने के कारण तापमान में मामूली गिरावट आ गई।

हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज गर्मी का असर बना रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 42.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। प्रदेश के 18 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जिससे आमजन को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में लू और गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है, वहीं दिन के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम देखने को मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। जहां एक ओर हल्की बारिश से राहत मिल सकती है, वहीं दूसरी ओर तापमान में अधिक गिरावट की संभावना फिलहाल कम है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement