कोलकाता, 14 जनवरी। कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल में मकर संक्रांति के मौके पर मौसम शुष्क और सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी कोलकाता में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा।
अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जो सामान्य से थोड़ा कम है। इससे सुबह और देर रात हल्की ठंड का एहसास बना रहेगा। बुधवार सुबह मौसम विभाग ने अपने बयान में बताया है कि फिलहाल दो-तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम रहेगा। पिछले हफ्ते कोलकाता में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, जिसकी वजह से ठंड बढ़ गई थी लेकिन मकर संक्रांति पर यह करीब 14 डिग्री के आसपास है, जिसके कारण बहुत अधिक ठंड नहीं है।
आर्द्रता का स्तर भी संतुलित रहने का अनुमान है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता लगभग 80 प्रतिशत और न्यूनतम करीब 45 प्रतिशत रह सकती है। बीते 24 घंटों के दौरान कोलकाता और आसपास के इलाकों में किसी भी तरह की बारिश दर्ज नहीं की गई है।
कुल मिलाकर मकर संक्रांति के दिन पश्चिम बंगाल में मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है। साफ आसमान और हल्की ठंड के बीच लोग गंगासागर में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
