नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पार्टी में अपने साथी सचिन पायलट को ‘गद्दार’ कह कर संबोधित किया है। अब इस बयान पर पार्टी की ओर से आधिकारिक टिप्पणी आई है। इसमें कहा गया है कि आपसी मतभेदों को पार्टी को सशक्त बनाने की दिशा में सुलझा लिया जाएगा।।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अशोक गहलोत वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता हैं। अपने युवा सहयोगी के साथ अपने जिन भी मतभेदों को उन्होंने जाहिर किया है। उन्हें इस तरह से सुलझाया जाएगा की पार्टी मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि अब तक सफल रही भारत जोड़ो यात्रा को उत्तर भारत के राज्यों में भी प्रभावपूर्ण बनाएं।
हिन्दुस्थान समाचार/अनूप
