राजगढ़ में किसान-कल्याण महाकुंभ : रक्षा मंत्री राजनाथ और शिवराज करेंगे सिंचाई परियोजना का लोकार्पण | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

राजगढ़ में किसान-कल्याण महाकुंभ : रक्षा मंत्री राजनाथ और शिवराज करेंगे सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

Date : 13-Jun-2023

 भोपाल, 13 जून  मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में आज दोपहर दो बजे से किसान-कल्याण महाकुम्भ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मोहनपुरा डेम पर किसानों को बड़ी सौगात देंगे।

उल्लेखनीय है कि मोहनपुरा डेम पर हो रहे किसान-कल्याण महाकुंभ में किसानों के खाते में 6423 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की जाएगी। महाकुंभ में 11,378 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण होगा। मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार-पत्र 1869 हितग्राहियों को वितरित किये जाएंगे। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना सम्मेलन भी होगा।

किसान-कल्याण महाकुंभ में मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना-2023 में 11 लाख किसानों के खाते में 2123 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 44 लाख 49 हजार किसान के खाते में 2900 करोड़, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में 70 लाख 61 हजार किसान के खाते में 1400 करोड़, इस प्रकार कुल 6 हजार 423 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री चौहान 8481 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मोहनपुरा-कुंडालिया प्रेशराइज्ड पाइप सिंचाई प्रणाली परियोजना का लोकार्पण करेंगे। प्रेशराइज्ड पाइप प्रणाली विश्व की सबसे बड़ी परियोजना में से एक है। बांध से सीधे खेतों तक भूमिगत पाइप लाइन से जल पहुंचाया जा रहा है और सम्पूर्ण प्रणाली को स्काडा तकनीक से नियंत्रित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से देश ही नहीं, दुनिया में भी इस पद्धति को सराहा जा रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा भी सभी राज्यों में इस तकनीक के आधार पर सिंचाई परियोजना बनाई जा रही हैं।

मोहनपुरा-कुंडालिया परियोजना के प्रथम चरण में राजगढ़ जिले के लक्षित 988 ग्राम में से 537 ग्राम का एक लाख 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। मोहनपुरा परियोजना से 94 हजार 845 हेक्टेयर और कुण्डालिया परियोजना से 30 हजार 155 हेक्टेयर क्षेत्र में पाइप आधारित सिंचाई परियोजना को लोकार्पित किया जा रहा है। परियोजना के द्वितीय चरण में शेष एक लाख 60 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करने का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण भी कर लिया गया है। अगले वर्ष लक्षित सम्पूर्ण क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित कर ली जाएगी।

राजगढ़ में 123 करोड़ रुपये से अधिक की गोरखपुरा ग्रामीण समूह नल-जल योजना का लोकार्पण होगा। इससे 156 ग्रामों में जल-प्रदाय की सुविधा उपलब्ध होगी और एक लाख 15 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम में 11 करोड़ 25 लाख रुपये की साढ़े 24 किलोमीटर लम्बी सड़क का लोकार्पण और राजगढ़ नगर की सुरक्षा के लिए नेवज नदी के तट पर 16 करोड़ 30 लाख रुपये की बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी होगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement