मुंबई, 12 जून । अरब सागर में बना चक्रवात बिपरजॉय धीरे-धीरे तेज हो रहा है और अगले 12 घंटे में यह प्रचंड रूप धारण कर लेगा। ऐसे में ये 12 घंटे महाराष्ट्र के लिए अहम होंगे। उसके बाद यह चक्रवात सौराष्ट्र-कच्छ के तट से टकराएगा।
मौसम विभाग के डॉ. आनंद कुमार दास ने सोमवार को बताया कि चक्रवात बिपरजॉय फिलहाल मध्य अरब सागर के साथ-साथ समुद्र के निकटवर्ती उत्तर-पूर्वी हिस्से में सक्रिय है और जल्द ही तीव्र हो जाएगा। इसके बाद यह उत्तर की ओर आगे बढ़ेगा। 15 जून की सुबह सौराष्ट्र, कच्छ के तट से टकराएगा। फिर 15 जून की दोपहर को यह सौराष्ट्र से आगे बढ़ेगा और जकाऊ बंदरगाह से टकराएगा। इसलिए इस क्षेत्र में एहतियाती तैयारी करने की जरूरत है।
मुंबई क्षेत्रीय मौसम विभाग के प्रमुख सुनील कांबले ने कहा है कि मुंबई में हवा की गति 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग ने चक्रवात बिपरजॉय के समुद्र में रहने तक मछली न पकड़ने की चेतावनी दी है। समुद्र के शांत होने तक तटीय इलाकों को पर्यटकों के लिए बंद रखने का भी फैसला किया गया है।
सोमवार को मुंबई और आस पास समुद्रीय तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। साथ ही समुद्र में तेज लहरें भी उठ रही हैं।
