मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार होंगे महेश केवट, सोमवार को जमा करेंगे नामांगन | The Voice TV

Quote :

"सफलता अंतिम नहीं है; असफलता घातक नहीं है: आगे बढ़ने का साहस ही मायने रखता है।"— विंस्टन चर्चिल

National

मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार होंगे महेश केवट, सोमवार को जमा करेंगे नामांगन

Date : 08-Jun-2026

 भोपाल, 07 जून । मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। भाजपा ने इस सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के सामने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है। दोनों नेता सोमवार को भोपाल में नामांकन दाखिल करेंगे।

दरअसल, मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें रिक्त होने जा रही है। इन तीन तीन सीटों की पूर्ति के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। मप्र विधानसभा में विधायकों की संख्या के हिसाब से राज्यसभा की दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है, लेकिन दिनभर चली अटकलों की बीच देर रात भाजपा ने तीसरी सीट के लिए भी अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।

भाजपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर रविवार की रात मुख्यमंत्री निवास में करीब एक घंटे तक बैठक चली। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति और नामांकन प्रक्रिया को लेकर चर्चा की। इसके बाद महेश केवट के नाम पर अंतिम मुहर लगी।

इससे पहले शनिवार को भाजपा उम्मीदवार तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। देर रात मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक भी हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी भाजपा विधायकों को 8 जून तक भोपाल में ही रहने के निर्देश दिए।

रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिनभर अलग-अलग नेताओं के साथ बैठकें कीं। मुख्यमंत्री निवास में मंत्री राकेश सिंह और नरोत्तम मिश्रा ने उनसे मुलाकात कर चर्चा की। इसके बाद रात में मुख्यमंत्री निवास पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी पहुंचे और करीब एक घंटे तक बैठक में तीसरे उम्मीदवार को लेकर चर्चा की।

इधर, कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए एक सीट पर मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार घोषित किया है। मीनाक्षी भी सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में 228 सदस्य मतदान के पात्र हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 58 वोटों की आवश्यकता है। भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं। दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों को निर्वाचित कराने के बाद भाजपा के पास लगभग 48 वोट बचेंगे। ऐसे में तीसरी सीट जीतने के लिए उसे अतिरिक्त 10 वोटों की जरूरत होगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement