छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता नंदकुमार साय के इस्तीफे के बाद से सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा से इस्तीफा दे चुके नंदकुमार साय को मनाने के लिए भाजपा नेता उनके घर गए, लेकिन वो नहीं माने।
भाजपा नेताओं के वापस लौटने के बाद साय ने सोशल मीडिया पर एक कविता पोस्ट की है, जिसमें आदिवासी समाज के हित को सर्वोपरि रखने की बात कही है।
इधर, प्रदेश की राजधानी रायपुर के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हलचल बढ़ गई है।
कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सोमवार को नंदकुमार साय की पार्टी प्रवेश करने की संभावना है। वो कभी भी कांग्रेस भवन पहुँच सकते है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर इशारों-इशारों में नंदकुमार साय के पार्टी में शामिल होने के संकेत दिए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के टवीटर हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा है आज (सोमवार) 1 मई को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय, राजीव भवन रायपुर में एक प्रख्यात व्यक्तित्व कांग्रेस में शामिल होगा।
इससे पहले वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय एवं संगठन महामंत्री पवन साय ने नंदकुमार साय के निवास पर जाकर भेंट करने का प्रयास किया, वहां जानकारी दी गई कि वह दिल्ली में हैं। उनसे फोन से संपर्क करवाने का निवेदन किया गया। उन्हें सूचना दे दी गई परंतु उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाजपा नेताओं ने बताया कि निवास पर नंदकुमार साय के बेटे से मुलाकात हुई। लगभग 2 घंटे उनके निवास पर रहकर फोन से कुछ संदेश उन तक और पहुंचे परंतु कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। आगे भी उनसे संपर्क करने का प्रयास जारी रहेगा।
