राष्ट्रपति आज भोपाल में, अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का करेंगी उद्घाटन | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

राष्ट्रपति आज भोपाल में, अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का करेंगी उद्घाटन

Date : 03-Mar-2023

 भोपाल, 03 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (शुक्रवार) मध्य प्रदेश के प्रवास पर रहेंगी। वो राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दोपहर 12:20 बजे तीन दिवसीय सातवें अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता आदि मौजूद रहेंगे। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने दी।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन का समापन पांच मार्च को होगा। सम्मेलन की विषय वस्तु नए युग में मानववाद के सिद्धांत पर केंद्रित है। सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। इसमें भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन की सहभागिता रहेगी। चार मुख्य सत्रों में "नए युग में मानववाद का सिद्धांत" पर केंद्रित 115 शोध-पत्र पढ़े जाएंगे।

पहले दिन उद्घाटन-सत्र के अतिरिक्त एक अनूठा मंत्री सत्र भी होगा। इसमें पांच देशों के मंत्री सांस्कृतिक सामंजस्य और विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इस सत्र में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के मंत्री शामिल होंगे। कीनोट-सत्र में राम जन्म-भूमि न्यास के सचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, श्रीलंका के प्रो. कोटापितिये राहुल अनुष्का थेरो और स्वामीनारायण शोध संस्थान अक्षरधाम के महोमुखोपाध्याय साधु भद्रेश दास अपने विचार व्यक्त करेंगे। मुख्य सत्र में अमेरिका से प्रो. डेविड फ्रॉले, ब्रिटेन के डॉ. इयान बेकर, दक्षिण कोरिया के प्रो. जियो ल्योंग ली, थाइलैंड से डॉ. सुपची वीरपुचांग, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद और पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के चासंलर प्रो. जगबीर सिंह मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू के भोपाल प्रवास के राजधानी की यातायात व्यवस्था में आवश्यकतानुसार प्रातः 9 बजे से 2:30 बजे तक परिवर्तन किया गया है। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम के दौरान सभी प्रकार के मालवाहक, भारी, व्यावसायिक एवं अनुमति प्राप्त वाहन रोशनपुरा चौराहे से पुराना पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा एवं मछलीघर तिराहा से गांधी पार्क तिराहा तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। सामान्य दोपहिया, चार पहिया एवं लोक परिवहन वाहन रोशनपुरा चौराहे से पुराना पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा एवं मछलीघर तिराहा से गांधी पार्क तिराहा तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement