अमेरिकी चिनूक हेलीकॉप्टर ने नॉन-स्टॉप उड़ान भरकर बनाया नया रिकॉर्ड | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

National

अमेरिकी चिनूक हेलीकॉप्टर ने नॉन-स्टॉप उड़ान भरकर बनाया नया रिकॉर्ड

Date : 21-Nov-2022

- चंडीगढ़ से जोरहाट के बीच 7 घंटे और 30 मिनट में तय की 1,910 किलोमीटर की दूरी

- चिनूक की उड़ान क्षमताओं से वायु सेना के लिए कई बड़े ऑपरेशन करना संभव हुआ

नई दिल्ली, 21 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना नॉन स्टॉप लम्बी उड़ान भरने के नए रिकॉर्ड बना रही है। सी-130जे हरक्यूलिस विमान के 13 घंटे 31 मिनट की उड़ान भरने के बाद अब चिनूक हेलीकॉप्टर ने लगातार 7 घंटे और 30 मिनट उड़ान भरकर नया रिकॉर्ड बनाया है। वायु सेना के भारी-भरकम परिवहन चिनूक हेलीकॉप्टर ने चंडीगढ़ और जोरहाट के बीच 1,910 किलोमीटर दूरी तक नॉन स्टॉप उड़ान सफलतापूर्वक पूरी की है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह भारत में सबसे लम्बी नॉन-स्टॉप हेलीकॉप्टर सॉर्टी है। यह पहली बार नहीं है जब हैवी लिफ्ट हेलीकॉप्टर चिनूक ने चंडीगढ़ और जोरहाट के बीच बिना रुके उड़ान भरी है। चिनूक ने इसी साल अप्रैल में चंडीगढ़ से जोरहाट के लिए इतनी ही दूरी तय करते हुए उड़ान भरी थी। इस लम्बी उड़ान से भारतीय वायु सेना की परिचालन योजना और चिनूक की क्षमताओं से कई बड़े ऑपरेशन करना संभव हो गया है। हेलीकॉप्टर चिनूक की तेजी से गतिशीलता ने भारतीय वायु सेना को जरूरत के मुताबिक इसका इस्तेमाल करने का रास्ता साफ किया है।

अमेरिका में निर्मित चिनूक हेलीकॉप्टर मल्टी रोल वर्टिकल लिफ्ट प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल पुरुषों और सामग्री के परिवहन के लिए किया जाता है। यह मानवीय और आपदा राहत कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारत के पास 15 चिनूक परिवहन हेलीकॉप्टर हैं। 2015 में खरीदे गए इस हेलीकॉप्टर ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ जारी गतिरोध के दौरान भारतीय सेना को अग्रिम मोर्चे पर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ये हेलीकॉप्टर लगभग 11 टन कार्गो या 45 सशस्त्र सैनिकों को एक साथ उठा सकते हैं। चिनूक एम-777 अल्ट्रा-लाइट हॉवित्जर जैसे अंडरस्लंग पेलोड भी ले जा सकता है, जो चीन के मोर्चे पर उपयोग के लिए शामिल की गई 155 मिमी की तोप है।

इससे पहले वायु सेना के सी-130जे हरक्यूलिस विमान ने 18 नवंबर, 2011 को बिना हवा में ईंधन भरे 13 घंटे 31 मिनट की नॉनस्टॉप उड़ान भरी थी। वायु योद्धाओं के लिए यह लम्बी उड़ान की चुनौतीपूर्ण परीक्षा थी। यह न केवल एक वायु सेना के लिए, बल्कि विश्व स्तर पर सी-130 के लिए भी रिकॉर्ड है। लॉकहीड मार्टिन सी-130जे सुपर हरक्यूलिस चार इंजन टर्बोप्रॉप वाला सैन्य परिवहन विमान है। सी-130जे, लॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस के नए इंजन, फ्लाइट डेक और अन्य प्रणालियों के साथ व्यापक अपडेट संस्कारण है।हरक्यूलिस परिवार के विमानों ने सैन्य, नागरिक और मानवीय सहायता अभियान में भाग लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement