नई दिल्ली, 8 जनवरी । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को मध्य प्रदेश विधानसभा सदस्यों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
राज्य विधानमंडल के 69 नवनिर्वाचित सदस्यों सहित कुल 230 सदस्य 9 और 10 जनवरी को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधायकों को विधानमंडल के कामकाज और इसकी प्रक्रियाओं से परिचित करना है ताकि वे विधायी ढांचे के अनुसार स्वयं को ढाल सकें। सदस्यों को संवाद, ज्ञानवर्धक आदान-प्रदान और संसद और राज्य विधानमंडलों के पिछले उदाहरणों के बारे में बताकर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
मध्य प्रदेश विधानमंडल सदस्यों के लिए इस प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन लोकसभा सचिवालय के संसदीय लोकतन्त्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) द्वारा मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय के सहयोग से किया जा रहा है।
1981 से, प्राइड ने कुल 62 प्रबोधन पाठ्यक्रम संचालित किए हैं जिनमें 4300 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया है।
