हिमाचल में बारिश-बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन, दिवाली पर साफ रहेगा मौसम | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी ने बढ़ाई ठिठुरन, दिवाली पर साफ रहेगा मौसम

Date : 10-Nov-2023

 शिमला, 10 नवंबर । हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। राजधानी शिमला सहित राज्य के मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। वहीं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ गिरी। मौसम में आये इस बदलाव से समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। खासकर पहाड़ी इलाक़ों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री तक लुढ़क गया है। शिमला के अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घण्टों में भी बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि दिवाली के दिन मौसम साफ रहेगा।



जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित कोकसर, अटल टनल नार्थ पोर्टल एवं सिस्सू के रिहायशी इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी से बारालाचा पटसेऊ इलाके में मनाली-लेह मार्ग पर दारचा से आगे वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। ताजा बर्फबारी से सिस्सू से अटल टनल नार्थ पोर्टल तक सड़क फिसलन भरी हो गयी है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लोगों को सुबह के समय सफ़र में एहतियात बरतने की सलाह दी है। इसी तरह कुल्लू, चंबा और किन्नौर जिलों की ऊंची चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ है।



मौसम के तेवरों से पहाड़ी इलाकों में दिसंबर की तरह सर्दी का कहर बरपा रहा है। लाहौल-स्पीति के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति जिला का कुकुमसेरी -0.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। इसी तरह जिला मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो शिमला में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, सुंदरनगर में 9 डिग्री, भुंतर में 9 डिग्री, कल्पा में 3.2 डिग्री, धर्मशाला में 13.2 डिग्री, उना में 12 डिग्री, नाहन में 15.7 डिग्री, पालमपुर में 11 डिग्री, सोलन में 8 डिग्री, मनाली में 6 डिग्री, कांगड़ा में 12.5 डिग्री, मंडी में 7.5 डिग्री, चंबा में 10.6 डिग्री, डल्हौजी में 6.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 11.6 डिग्री, कुफरी में 6.6 डिग्री, नारकंडा में 5 डिग्री, भरमौर में 7.2 डिग्री, रिकांगपिओ में 6.8 डिग्री, सियोबाग में 9 डिग्री, धौलाकूआं में 13.1 डिग्री, बरठीं में 10.6 डिग्री, समधो में 2 डिग्री, मशोबरा में 8.4 डिग्री, पांवटा साहिब में 15 डिग्रीह, सराहन में 7.5 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान सात शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।



मौसम विभाग ने शनिवार को भी मौसम के खराब रहने का अंदेशा जताया है। लेकिन इसके बाद मौसम खुल जाएगा। विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 12 से 16 नवंबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ बना रहेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement