अगले पांच साल तक मिलता रहेगा देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन : प्रधानमंत्री | The Voice TV

Quote :

" जो स्वयं पर विजय पा लेता है, उसे संसार पराजित नहीं कर सकता।"

National

अगले पांच साल तक मिलता रहेगा देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन : प्रधानमंत्री

Date : 04-Nov-2023

 रतलाम, 04 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां कहा कि भाजपा के प्रति मध्य प्रदेश में अटूट विश्वास रहा है। आज यह विश्वास और अधिक हो गया है जब भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। भाजपा ने भारत को विश्व का पांचवां आर्थिक दृष्टि से शक्तिशाली देश बना दिया है। उन्होंने कहा कि दिसंबर में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा समाप्त हो रही है। इसे पुन: पांच वर्ष के लिए बढ़ाया जाएगा ताकि गरीब तबके के लोग अपनी जरूरतें पूरी कर सकें। गरीबों को जो गारंटी मोदी देता है उसे वह पूरा भी करता है। इसलिए डबल इंजन की सरकार देश व समाज की आवश्यकता है। मध्य प्रदेश में फिर से दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएं, यही सभी से आग्रह है।



मोदी ने भाजपा की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दिसंबर को हमें विजय दिवस मनाना है। मिठाई के साथ ही रतलामी सेव भी खाई जाएगी, क्योंकि बिना रतलामी सेव के मिठाई का भी कोई स्वाद नहीं है। मध्य प्रदेश में भाजपा की आंधी चल रही है। जनता भाजपा के समर्थन में है। दिल्ली में बैठकर लोग हिसाब-किताब कर रहे हैं। वह गणित गड़बड़ा जाएगा। भाजपा को दो तिहाई बहुमत से भी अधिक सीटें मध्य प्रदेश में मिलेंगी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया और कहा कि हर क्षेत्र में भाजपा सरकार ने विकास के द्वार खोले हैं। चंद्रमा पर झंडा गाड़ा है। विश्व में भारत की नई पहचान बनाई है जिसमें मध्य प्रदेश का भी बड़ा योगदान है। एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी एक बार फिर यह नारा सिद्ध करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा आप के परिवार के वर्तमान एवं बच्चों के भविष्य के लिए काम कर रही है। मध्य प्रदेश के मेरे भाई-बहनों मेरी गारंटी है आप का सपना ही मोदी का संकल्प है। इसलिए गरीब से गरीब परिवार को समर्थ बनाना भाजपा सरकार का मिशन है। भाजपा सरकार गरीब की हर चिंता समाधान करेगी, उनकी छोटी-छोटी जरूरत को पूरा करेगी।

उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस ही है जिसने आदिवासी राष्ट्रपति का विरोध किया था। भाजपा सरकार ने आदिवासी समुदाय को सम्मान दिलवाया। बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, रानी कमलापति के नाम पर अनेक संस्थानों के नाम हैं। आदिवासी सशक्तीकरण के लिए भाजपा ने काम किया। देश में आदिवासी महिला राष्ट्रपति दी और भी अनेक कार्य किए। पूरे देश का आदिवासी समाज कांग्रेस से नाराज है उसे सजा देने के मूड में है।



उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का मतलब हजारों करोड़ का घोटाला, कांग्रेस का मतलब राज्य को बीमार बनाने की गारंटी। आप जानते हैं कांग्रेस के दो नेता आपस में क्यो लड़ रहे हैं? वे सीएम की कुर्सी के लिए नहीं लड़ रहे उन्हें पता है कि उनकी दाल यहा गलने वाले नहीं इसलिए वे कुर्सी के लिए नहीं लड़ रहे हैं। यह जो अंदर कपड़ा फाड़ चल रहा है वे नेता अपने-अपने बेटों के लिए लड़ रहे हैं ताकि कांग्रेस पर कब्जा कर सकें। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है, मध्य प्रदेश का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। कांग्रेस की आपस की लड़ाई में हमें एक बात भूलनी नहीं है जहां कांग्रेस को मौका मिला उन्होंने जनता के कपड़े फाड़ दिए। इसलिए इनको अवसर देना बहुत बड़ा संकट होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता फिल्मी है, कांग्रेसियों के डायलग भी फिल्मी है, कांग्रेस की घोषणाएं भी फिल्मी है और जब किरदार फिल्मी है तब सीन भी फिल्मी होगा। दो नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। अभी तो फिल्म का ट्रेलर है। ये अपने-अपने चेलों को बताते हैं एक बार अगर मौका मिल गया तो उसके बाद वो खुद के तो कपड़े फाड़ेंगे आपके भी फाड़ेंगे।



प्रारंभ में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि मोदीजी ने प्रदेश के विकास में और जनकल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी। मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास का उन्होंने जिक्र किया तथा कहा कि वे हम सबको आशीर्वाद दें ताकि प्रदेश में कमल का फूल पुन: खिले और प्रदेश में भाजपा की सरकार बने।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement