अमेरिका को परमाणु हथियारों की जानकारी नहीं देगा रूस | The Voice TV

Quote :

"जिन्दगी के लक्ष्य में प्राप्ती करते समय सिर्फ 2 सोच रखनी चाहिए, अगर रास्ता मिल गया तो ठीक, नहीं तो रास्ता में खुद बना लूँगा।"

International

अमेरिका को परमाणु हथियारों की जानकारी नहीं देगा रूस

Date : 30-Mar-2023

मॉस्को, 30 मार्च । रूस अब अमेरिका को अपने परमाणु हथियारों व बमों की जानकारी साझा नहीं करेगा। रूस के एक वरिष्ठ राजनयिक ने बुधवार को कहा कि मॉस्को ने अपने परमाणु बलों के बारे में अमेरिका से सूचना साझा करना बंद कर दिया है, जिसमें मिसाइल परीक्षणों से जुड़ी सूचनाएं भी शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने कहा कि मॉस्को ने वाशिंगटन के साथ सभी सूचनाओं के आदान-प्रदान को रोक दिया है। यह फैसला राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश के बाद लिया गया। पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नई 'स्टार्ट' संधि को निलंबित कर दिया था।

पुतिन ने कहा था कि रूस को समझौते के तहत अपने परमाणु स्थलों की अमेरिकी निगरानी ऐसे समय में स्वीकार्य नहीं है जब वाशिंगटन और उसके नाटो सहयोगियों ने खुले तौर पर यूक्रेन में रूस की हार को अपना लक्ष्य घोषित किया है। मॉस्को ने इस बात पर जोर दिया कि वह पूरी तरह से समझौते से पीछे नहीं हट रहा है और परमाणु हथियारों की सीमा का सम्मान करना जारी रखेगा। रूसी विदेश मंत्रालय ने शुरू में कहा था कि मॉस्को अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों के नियोजित परीक्षणों के बारे में अमेरिका को सूचित करता रहेगा। रूसी सेना ने अपने रणनीतिक मिसाइल बलों का बुधवार को अभ्यास किया और इसके तहत साइबेरिया में मोबाइल लॉन्चर तैनात किए गए।

यह कदम रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की उस घोषणा के कुछ दिनों बाद उठाया गया है जिसमें उन्होंने मॉस्को के सहयोगी देश बेलारूस में परमाणु हथियारों को तैनात करने की बात कही थी। व्हाइट हाउस, पेंटागन और विदेश विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पुतिन द्वारा संधि में अपनी भागीदारी को निलंबित करने के बाद भी अमेरिका ने रूस को यह जानकारी प्रदान करना जारी रखने की पेशकश की थी, लेकिन मॉस्को ने वाशिंगटन को सूचित किया कि वह अपना डेटा साझा नहीं करेगा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement