पूर्व राजदूत शंकर शर्मा ने कहा- रवि लामिछाने के भारत दौरे से बढ़ा संबंधों में भरोसा | The Voice TV

Quote :

"अगर आप वो पाना चाहते हैं जो आपने कभी नहीं पाया, तो आपको वो करना होगा जो आपने कभी नहीं किया।"— विवेक बिंद्रा

International

पूर्व राजदूत शंकर शर्मा ने कहा- रवि लामिछाने के भारत दौरे से बढ़ा संबंधों में भरोसा

Date : 05-Jun-2026

 काठमांडू, 05 जून । भारत में नेपाल के निवर्तमान राजदूत डॉ. शंकर शर्मा ने राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने की भारत यात्रा को नेपाल-भारत संबंधों के प्रति विश्वास को और मजबूत करने वाला बताया है।


उन्होंने कहा कि भाजपा के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे लामिछाने ने प्रधानमंत्री मोदी सहित भारतीय नेताओं के साथ हुई अपनी मुलाकातों को वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में सकारात्मक और उपयुक्त बताया है। राजदूत शर्मा का मानना है कि इस यात्रा ने नेपाल को भारत के साथ लंबे समय से लंबित द्विपक्षीय मुद्दों पर कूटनीतिक संवाद आगे बढ़ाने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान किया है। शर्मा के अनुसार भारत में लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल को दिया गया सम्मान यह संकेत देता है कि नई दिल्ली नेपाल के साथ गहन सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि काठमांडू को इसे अपने राष्ट्रीय हितों को कूटनीतिक माध्यमों से आगे बढ़ाने के अवसर के रूप में देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यद्यपि लामिछाने की यह यात्रा एक राजनीतिक दल के नेता के रूप में हुई थी, लेकिन इससे यह स्पष्ट हुआ है कि भारत नेपाल के उभरते राजनीतिक नेतृत्व के साथ संवाद और सहयोग बढ़ाने का इच्छुक है। शर्मा ने इस बात पर भी जोर दिया कि सीमा विवाद तथा अन्य संवेदनशील द्विपक्षीय मुद्दों को राजनीतिक सद्भावना यात्रा के दौरान उठाने के बजाय औपचारिक सरकार-से-सरकार स्तर की वार्ताओं के माध्यम से ही सुलझाया जाना चाहिए। निवर्तमान राजदूत ने कहा कि लामिछाने की भारत यात्रा सफल और सार्थक रही। उनके अनुसार भारत ने नेपाल के प्रति विशेष सम्मान प्रदर्शित करते हुए "रेड कार्पेट" स्वागत किया और भविष्य में दोनों देशों के बीच सहयोग को लेकर सकारात्मक संदेश दिया है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने हाल में ही भारत का दौरा किया है। इस दौरे पर रबी लामिछाने का गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर और गृह मंत्री अमित शाह के साथ अलग-अलग मुलाकात की है। भारत के दौरे पर गए लामिछाने ने आखिरी दिन अपने भ्रमण दल के साथ अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन किये।

RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement