नई दिल्ली, 03 मई । पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह (सेवानिवृत्त) को जापान सरकार ने 'द ऑर्डर ऑफ द राइजिंग सन, गोल्ड एंड सिल्वर स्टार' से सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान राष्ट्रीय रक्षा में भारत और जापान के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए दिया गया है। वह देश के 24वें नौसेना प्रमुख रहे हैं और उन्हें आईएनएस विजयदुर्ग, आईएनएस राणा, आईएनएस दिल्ली की कमान संभालने का अनुभव है।
एडमिरल करमबीर सिंह देश के 24वें नौसेना प्रमुख रहे हैं। मई, 2019 में नौसेना प्रमुख की कमान संभालने के बाद नवंबर, 2021 तक वे नौसेना प्रमुख रहे। उन्हें उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का अति विशिष्ट सेवा मेडल भी दिया जा चुका है। वह पहले हेलीकॉप्टर पायलट हैं, जिन्हें नौसेना प्रमुख बनाया गया था। एडमिरल सिंह का जन्म 3 नवंबर, 1959 को जालंधर में हुआ था। वह 1980 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। उन्हें 1982 में हेलीकॉप्टर पायलट बनने का मौका मिला। वाइस एडमिरल करमबीर सिंह ने कमोव-25 और कमोव-28 एंटी सबमरीन हेलीकॉप्टर उड़ाया है। वे वेस्टर्न फ्लीट में फ्लीट ऑपरेशन के अफसर भी रह चुके हैं। उन्हें आईएनएस विजयदुर्ग, आईएनएस राणा, आईएनएस दिल्ली की कमान संभालने का अनुभव है।
एडमिरल करमबीर सिंह को दिया गया यह जापान का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीय पुरस्कार है, जिसे राजा मैजी ने 1875 में शुरू किया था। यह जापानी सरकार की ओर से दिया जाने वाला पहला राष्ट्रीय अलंकरण था, जिसे 10 अप्रैल, 1875 को राज्य परिषद के आदेश पर स्थापित किया गया। इसके बैज में उगते सूरज से निकलने वाली सूरज की किरणें है। जापान को ‘उगते सूरज का देश’ भी कहा जाता है। उगते सूरज का डिजाइन, जापान की उगते सूरज की अवधारणा के समानांतर व उगते सूरज के समान शक्तिशाली ऊर्जा का प्रतीक है।
यह पुरस्कार उन लोगों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने सैन्य सेवा को छोड़कर विभिन्न क्षेत्रों में राज्य को विशिष्ट सेवाएं प्रदान की है। जापान स्वयं सुरक्षा बल के कर्मियों को सार्वजनिक सेवा में लंबे समय तक लगे रहने के लिए 'ऑर्डर ऑफ द सेक्रेड ट्रेजर' से सम्मानित करता है। यह पुरस्कार महिला एवं पुरुष दोनों को दिया जाता है। मरणोपरांत भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा सकता है। 'द ऑर्डर ऑफ द राइजिंग सन' तथा 'ऑर्डर ऑफ द सेक्रेड ट्रेजर' अवार्ड समान रैंक के हैं। इनमें से राइजिंग सन को राज्य की उपलब्धियों पर जोर देने और सेक्रेड ट्रेजर को दीर्घकालिक सार्वजनिक सेवा पर जोर देने के साथ सम्मानित किया जाता है।