जी20 समिट में आए विदेशी मेहमानों ने देखा समृद्ध शहर इंदौर, जाना इतिहास | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

जी20 समिट में आए विदेशी मेहमानों ने देखा समृद्ध शहर इंदौर, जाना इतिहास

Date : 22-Jul-2023

 इंदौर, 22 जुलाई  । देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय श्रम एवं रोजगार से जुड़ी जी-20 समिट के सफल आयोजन के बाद विदेशी मेहमानों को शनिवार को इस ऐतिहासिक शहर का भ्रमण कराया गया। हेरिटेज वॉक के माध्यम से जी-20 डेलिगेट्स ने राजबाड़ा, कृष्णपुरा छतरी को काफी देर तक निहारा और इसके इतिहास को जाना। इस दौरान उन्होंने कलाकारों के साथ फोटो शूट कराए और सेल्फी भी ली। हेरिटेज वॉक के चलते पुलिस ने सुबह राजबाड़ा क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया था।

इंदौर में 19 जुलाई से शुरू हुई जी-20 समिट का शुक्रवार देर शाम समापन हुआ। इसके बाद अतिथियों को रात में शहर के प्रसिद्ध फूड मार्केट 56 दुकान में डिनर कराया गया, जहां मेहमानों ने पावभाजी, पनीर टिक्का, बर्गर, गुलाब जामुन, रसमलाई खाई और इन डिशेज की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही यहां की कुल्फी और शिकंजी का भी आनंद लिया। उन्होंने यहां एक फाइव स्टार होटल का अफगानिस्तान चिकन टिक्का, मटन गलोटी कबाब, अजवाइन फिश टिक्का, ऑलिव स्टफ्ड बेबी नॉन, उल्टा तवा पराठा, बेबी लच्छा पराठा, दाल मखानी का भी लुत्फ लिया।

शनिवार सुबह जी-20 डेलिगेड्ट बोलिया सरकार छत्री से राजवाड़ा तक हेरिटेज वॉक में शामिल हुए। सुबह सात बजे से शुरू हुई इस हेरिटेज वॉक में विदेशी मेहमानों ने शहर के समृद्ध इतिहास की जानकारी हासिल की। इसमें सबसे पहले बोलिया सरकार की छत्री पर ले जाया गया। इसके बाद विदेशी मेहमानों ने राजवाड़ा भी देखा। इस दौरान शहर के इतिहासकार जफर अंसारी, प्रकाश इंदुरकर और शर्वानी ने उन्हें इंदौर के इतिहास और देवी अहिल्याबाई होलकर के बारे में जानकारी दी। इतिहासकारों ने उन्हें बताया किस तरह इंदौर में व्यापार की शुरुआत हुई और यहां पर श्रमिकों के हित के लिए होलकर शासकों ने कार्य किए। विदेशी मेहमानों के लिए राजवाड़ा में नाश्ते की व्यवस्था की गई थी।

राजवाड़ा परिसर में इतिहासकार जफर अंसारी ने अपने संदर्भ में रखे होलकरकालीन बैच, सिक्के और अन्य ऐतिहासिक कलाकृतियों को प्रदर्शित किया था। इसके अलावा होलकर वंशजों की जानकारी संबंधित दस्तावेज भी प्रदर्शित किए थे। इस आयोजन में विदेश से आए करीब 25 डेलिगेट्स शामिल हुए। राजवाड़ा के गेट पर इनका सामूहिक फोटो भी लिया गया।

राजवाड़ा पर विदेशी मेहमानों के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे। मेहमानों के सामने बालिकाओं ने कथक नृत्य में मधुराष्टकम् की प्रस्तुति दी। संगीतकार स्मिता बाजपेई ने सितार, चिन्मय विंचूरकर ने सरोद और मृणाल नागर ने तबले पर शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी।

अर्जेंटीना के मंत्री को पसंद आया इंदौर का पोहा-जलेबी

अर्जेंटीना की मंत्री रेक्यूल सेसीलीया किसमेर डी अलमास को सुबह नाश्ते में इंदौर का पोहा और जलेबी काफी पसंद आई। नाश्ते में मेहमानों को पोहा-जलेबी के अलावा समोसा, कचोरी, डोनट्स, स्ट्रॉबेरी तरबूज का जूस, दही, ड्राई फ्रूट्स, कुकीज परोसे गए। इतिहासकार प्रकाश इंदुरकर ने मेहमानों को बताया कि किस तरह होलकरकाल में महाराज के आगमन पर दरबान उनकी अगवानी कर सभा को सूचित करते थे। जी-20 के आयोजन को सफल बनाने पर श्रम व रोजगार मंत्रालय के सचिव और अर्जेंटीना की मंत्री ने जिला प्रशासन वह नगर निगम के अधिकारियों को उपहार देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात जी-20 में आए मेहमानों की इंदौर शहर से विदाई शुरू हुई।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement