मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और धुले में अगले पांच दिन तक मध्यम से तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। रायगढ़ और रत्नागिरी के अलग-अलग स्थानों पर अतिवृष्टि का अनुमान है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई निचले इलाकों में कल रात भी बाढ़ जैसी स्थिति बनी रही, हालांकि यमुना नदी के जलस्तर में कमी आई है। दैनिक यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण आईटीओ रोड पर जलभराव हुआ है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, कल रात 10 बजे यमुना नदी का जलस्तर 208 दशमलव शून्य दो मीटर था। मौसम विभाग ने आज दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और अगले 4 से 5 दिन तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है।
