भाजपा ने की बिहार में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की निंदा, मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा | The Voice TV

Quote :

"मेहनत का कोई विकल्प नहीं, बस मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहो।"

National

भाजपा ने की बिहार में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की निंदा, मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

Date : 14-Jul-2023

 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना की निंदा की है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार, राजद नेता लालू यादव एवं तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए इसकी तुलना अंग्रेजी हूकूमत और इंदिरा गांधी की तानाशाही वाली आपातकाल से की। उन्होंने कहा कि इस निंदनीय घटना के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों पर लाठी चार्ज, छात्रों पर लाठी चार्ज, महिलाओं पर लाठी चार्ज यह दर्शाता है कि बिहार की नीतीश कुमार और तेजस्वी सरकार अंग्रेजों की तरह अपने विरोधियों को कुचलने की साजिश कर रही है। कल बहुत ही दुखद घटना हुई है, जिसकी जितनी निंदा की जाए,वह कम है। पटना की सड़कों पर प्रदेश के शिक्षक अभ्यर्थियों और किसानों के हक में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा शांति मार्च किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया, जिसमें जहानाबाद जिले के भाजपा महामंत्री विजय कुमार सिंह की हत्या कर दी। भाजपा ने बिहार के किसानों, शिक्षकों, मजदूरों और महिलाओं के हक के लिए बड़ी आहूति दी है।

उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ऐसा लाठी चार्ज किया गया, जैसा कि स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अंग्रेजों ने किया था। बिहार में जंगल राज 3 का आगमन हुआ है। बिहार में कल जो बर्बरता पूर्ण लाठी चार्ज किया गया, वह आजाद भारत में निरंकुशता और तानाशाही का एक बड़ा गवाह बनेगा।

नित्यानंद राय ने कहा कि साजिशन हत्या करने के उद्देश्य से लाठीचार्ज कराने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अविलंब इस्तीफा दें। भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की हत्या करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों को अविलंब गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाए। बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज करने के लिए नीतीश-तेजस्वी सरकार बिहार की जनता को जवाब दे।

राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बिहार में आज काला दिवस मना रही है। लाठी-गोली, भ्रष्टाचारी, लूटने वाली सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश-तेजस्वी सरकार ने विजय कुमार सिंह की हत्या की सच्चाई छुपाने के लिए साजिश रची और बिहार सरकार कह रही है कि लाठीचार्ज में उनकी हत्या नहीं हुई है। सच्चाई यह है कि नीतीश-तेजस्वी सरकार की बर्बरतापूर्ण पुलिस लाठीचार्ज में भाजपा नेता विजय कुमार सिंह की हत्या हुई और हजारों लोग घायल हुए हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement