नई दिल्ली, 03 जुलाई । कर्नाटक में विपक्ष का नेता तय करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों जल्द बेंगलुरु जाएंगे। यह जानकारी सोमवार को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने दी।
सूत्रों के अनुसार जेपी नड्डा इस मसले पर विचार-विमर्श करने के लिए रविवार रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पहुंचे। जेपी नड्डा ने रविवार को ही येदियुरप्पा को दिल्ली बुला लिया था। कर्नाटक में भाजपा विधायक दल का नेता बनने के लिए पार्टी के अंदर घमासान जारी है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं।
