केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कल चेन्नई में भारत के पहले अंतर्राष्ट्रीय समुद्री पर्यटन पोत- एम. वी. एम्प्रेस को चेन्नई से श्रीलंका के लिए रवाना किया। इसके साथ ही चेन्नई से अंतरराष्ट्रीय क्रूज पर्यटन टर्मिनल की शुरुआत हो गई है। इस टर्मिनल को लगभग 17 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। इससे देश में समुद्री पर्यटन और व्यापार के एक नए युग की शुरुआत होगी। श्री सोनोवाल ने पर्यावरण दिवस पर बंदरगाह के अन्य अधिकारियों के साथ ढाई हजार पौधे भी लगाए।
श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने और समुद्री व्यापार के अवसर बढ़ाने के लिए अनेक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि चेन्नई और श्रीलंका के बीच पहली क्रूज सेवा की शुरुआत से देश के समुद्री पर्यटन के क्षेत्र में एक नया अध्याय खुला है।
