राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी है। एक ट्वीट में राष्ट्रपति ने कहा समृद्ध वन संपदा और वन्य जीवन से संपन्न तेलंगाना समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाशाली लोगों का भी राज्य है। उन्होंने कहा कि यह खूबसूरत राज्य नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने तेलंगाना के निरंतर विकास और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपराष्ट्रपति ने एक ट्वीट में कहा कि तेलंगाना अपनी समृद्ध विरासत, जीवंत संस्कृति और उभरते उद्योगों के लिए जाना जाता है। श्री धनखड़ ने कहा कि तेलंगाना के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ता रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि तेलंगाना के लोगों का कौशल और राज्य की समृद्ध संस्कृति सराहनीय है। उन्होंने लोगों की सम्पन्नता और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
