भुवनेश्वर, 10 मई झारसुगुड़ा विधानसभा उप चुनाव में शाम के पांच बजे तक 68.12 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने यह जानकारी दी है। प्रतिशत आंकड़ा और बढ़ सकता है।
इस विधानसभा सीट के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई थी जो शाम के छह बजे तक चली। कुछ स्थानों पर लोग कतारों पर होने के कारण मतदान प्रक्रिया शाम के छह बजे के बाद भी जारी थी।
राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास की हत्या किये जाने के बाद यह सीट रिक्त हुई है। चुनाव मैदान में कुल नौ उम्मीदवार हैं। बीजद उम्मीदवार नव दास की बेटी दीपाली दास एवं भाजपा के उम्मीदवार टंकधर त्रिपाठी के बीच मुख्य मुकाबला है।
इस विधानसभा सीट पर 197 स्थानों के 253 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ है। इसमें से 26 पिंक बूथ थे। प्रत्येक मतदान केन्द्र में चार कर्मचारियों के हिसाब से कुल 1012 अधिकारियों को मतदान ड्यूटी में लगाया गया था। इस विधानसभा सीट पर कुल 2,21719 मतदाता थे।
