जगदलपुर, 06 जून । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री अरुण साव ने अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान आज शनिवार काे शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने पावर हाउस चौक स्थित फिल्टर प्लांट तथा महारानी वार्ड में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नयामुंडा फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने पीजी कॉलेज धरमपुरा में लगभग 11 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिल सके।उप मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी वार्ड में लगभग 79 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे पण्डरीतरई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य तथा करीब 3 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से संचालित गंगामुड़ा तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने तालाबों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय, वार्ड के पार्षदगण, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, एसडीएम ऋषिकेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।
