उज्जैन, 01 फरवरी। मध्य प्रदेश के उज्जैन में माध्व नगर स्थित भारतीय ज्ञानपीठ परिसर में आज रविवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में नागरिकों को एलोपैथिक, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक पद्धतियों के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
जनसम्पर्क अधिकारी कपिल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सा शिविर में आयुष परामर्श, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, रक्तचाप जांच, पंचकर्म सहित अन्य स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। अनुभवी चिकित्सकों की उपस्थिति में शिविर में आमजनों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण होगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएँ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
