मुंबई, 01 फ़रवरी । मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर देर रात फायरिंग की घटना हुई। कुछ अज्ञात युवकों ने निर्देशक के घर के बाहर लगभग चार राउंड गोलियां चलाईं और उसके बाद मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस हमले में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की
पुलिस को फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां और मुंबई क्राइम ब्रांच सक्रिय हो गईं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जोनल यूनिट और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। पुलिस ने तुरंत इलाके में घेराबंदी कर दी है और आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कमिश्नर ने की पुष्टि
मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच और जोनल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
हर एंगल से जांच जारी
पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या यह फायरिंग सिर्फ डराने-धमकाने के इरादे से की गई थी या इसके पीछे किसी और मकसद का हाथ है। अधिकारियों ने बताया कि जांच को व्यापक रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इस घटना का कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह या आपराधिक नेटवर्क से संबंध तो नहीं है।
इस बीच, रोहित शेट्टी और उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है। बॉलीवुड की कई हस्तियों की सुरक्षा को लेकर पहले से चिंताएं उठ रही हैं, और इस घटना ने उन चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
