कोलकाता, 17 जनवरी।
कोलकाता सहित पूरे पश्चिम बंगाल में ठंड अब विदाई की ओर बढ़ चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी ठंड का असर महसूस किया जाएगा, लेकिन इसके बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगेगा। सोमवार से राज्य के मौसम में स्पष्ट बदलाव आने की संभावना है और ठंड धीरे धीरे कमजोर पड़ जाएगी।
शुक्रवार देर रात कोलकाता का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री कम है। दिन का अधिकतम तापमान भी 23.8 डिग्री रहा, जो औसत से नीचे रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत भरी ठंड मौसम अब बहुत सीमित समय के लिए ही है और आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
पिछले कुछ वर्षों के रुझानों पर नजर डालें तो माघ महीने की शुरुआत के साथ ही ठंड कमजोर पड़ने लगी है। 2025 में जनवरी के दूसरे सप्ताह के बाद 12 डिग्री के आसपास का तापमान नहीं देखा गया था। 2024 में जनवरी के अंत में न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ था, जबकि 2023 में जनवरी के पहले सप्ताह के बाद रात का तापमान 12 डिग्री से नीचे नहीं गया। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस साल भी ठंड अपेक्षाकृत जल्दी विदा लेगी और गर्मी सामान्य से पहले दस्तक दे सकती है।
जनवरी 2026 इस लिहाज से खास रहा है क्योंकि कोलकाता में लगातार दो रातों तक तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंचा, जो 2013 के बाद पहली बार हुआ। मौसम विभाग के अनुसार इस सत्र में वास्तविक ठंड का असर 25 दिसंबर से महसूस किया गया और रविवार तक इसके बने रहने की उम्मीद है। इसके बाद दक्षिण बंगाल में हल्की ठंड के साथ मौसम आरामदायक रहेगा।
अलीपुर मौसम कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। श्रीनिकेतन में तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। उत्तर बंगाल के मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर सिंगल डिजिट तापमान रिकॉर्ड हुआ। पूरे राज्य में सबसे कम तापमान दार्जिलिंग में दर्ज किया गया, जहां पारा चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि अगले हफ्ते से इसमें बढ़ोतरी शुरू होने की संभावना है।
