राजस्थान हाईकोर्ट के नौ जजों ने ली शपथ, अब दो कपल भी हाईकोर्ट में जज | The Voice TV

Quote :

"कल से सीखो, आज के लिए जियो, कल के लिए आशा रखो।"

National

राजस्थान हाईकोर्ट के नौ जजों ने ली शपथ, अब दो कपल भी हाईकोर्ट में जज

Date : 17-Jan-2023

जोधपुर, 16 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान उच्च न्यायालय में सोमवार सुबह नौ जजों को एक साथ पद की शपथ दिलाई गई। इसमें सबसे बड़ी बात है कि दो कपल जज भी अब इसमें शामिल है। जोधपुर की डॉ. नूपुर भाटी को सोमवार को हाईकोर्ट जज के रूप में शपथ दिलाई गई। उसके पति जस्टिस पुष्पेंद्र भाटी भी राजस्थान हाईकोर्ट में जज हैं। जस्टिस महेन्द्र गोयल और उनकी पत्नी जस्टिस शुभा मेहता पहले से ही हाईकोर्ट में नियुक्त हैं।
शुक्रवार को जारी हुआ था नोटिफिकेशन:
केंद्रीय विधि और न्याय मंत्रालय की ओर से 9 जजों की नियुक्ति के बाद सोमवार को जोधपुर हाईकोर्ट में शपथ दिलाई गई। इससे पूर्व शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी कर वकील कोटे से 3 और न्यायिक अधिकारी कोटे से 6 जजों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए थे। इसी के साथ अब हाइकोर्ट में 50 पदों में से 35 जजों के पदों पर नियुक्ति हो गई है।
मुख्य न्यायाधीश मित्थल ने दिलाई शपथ:
सोमवार को सुबह राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर में नव नियुक्त सभी 9 जजों को मुख्य न्यायाधीश पंकज मित्थल ने शपथ दिलाई। वकील कोटे से जयपुर के गणेश राम मीणा, अनिल कुमार उपमन और जोधपुर से डॉ. नुपुर भाटी की नियुक्ति हुई है, जबकि न्यायिक अधिकारी कोटे से राजेन्द्र प्रकाश सोनी, अशोक कुमार जैन, योगेन्द्र कुमार पुरोहित, भुवन गोयल, प्रवीर भटनागर और आशुतोष कुमार की नियुक्ति हुई।
35 में से 3 महिला जज :
राजस्थान हाईकोर्ट में 35 में से अब 3 महिला जज हो गई हैं। वकील कोटे से नूपुर भाटी की जज के रूप में नियुक्ति के बाद अब महिला जजों की संख्या तीन हो चुकी हैं। अब महिला जज के रूप में शुभा मेहता, रेखा बोराणा व नूपुर भाटी सेवाएं दे रही हैं। जिन 3 जजों की नियुक्ति वकील कोटे से हुई है, उनमें से गणेश राम मीणा हाईकोर्ट में राज्य सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता (एएजी) हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement