श्रीलंकाई नौ सेना ने पकड़े दस भारतीय मछुआरे, अवैध शिकार का आरोप | The Voice TV

Quote :

"कल से सीखो, आज के लिए जियो, कल के लिए आशा रखो।"

International

श्रीलंकाई नौ सेना ने पकड़े दस भारतीय मछुआरे, अवैध शिकार का आरोप

Date : 08-Aug-2023

 कोलंबो, 08 अगस्त  श्रीलंका की नौ सेना ने दस भारतीय मछुआरों को पकड़कर उनकी नौका जब्त कर ली है। भारतीय मछुआरों पर श्रीलंकाई जल क्षेत्र में अवैध शिकार करने का आरोप लगाया गया है।

श्रीलंका की नौ सेना ने एक बयान में जानकारी दी है कि भारतीय नौकाओं के एक समूह को मुल्लईतिवु में अलमपिल के पास श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के बाद उन्हें खदेड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान एक भारतीय नौका को जब्त कर लिया गया और उस पर सवार दस भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया गया है। नौका और मछुआरों को त्रिंकोमाली के बंदरगाह पर लाया गया और आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए उन्हें श्रीलंका तट रक्षक के माध्यम से सहायक मत्स्य निदेशालय को सौंप दिया गया।

श्रीलंकाई नौ सेना की ओर से जानकारी दी गयी कि अवैध रूप से मछली पकड़ने पर नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं। 2023 में अब तक अवैध शिकार के लिए श्रीलंकाई जल क्षेत्र में घुसी 14 भारतीय नौकाएं जब्त की गयी हैं और 93 भारतीय मछुआरों को पकड़ा है। 24 जुलाई की रात को जाफना में डेल्फ्ट द्वीप के पास नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर दो नौकाएं जब्त की गयी थीं। 8 जुलाई को इसी तरह की एक घटना में दो नौकाओं सहित 15 भारतीय मछुआरे पकड़े गए थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement