राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि भारत इस दशक के अंत से पहले दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। वे आज सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में एक सामुदायिक स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति सर्बिया की 3 दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं।
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि पूरे देश में नई अवसंरचना का निर्माण आश्चर्यजनक गति से हो रहा है और भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की योजना बना रहा है।
महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि शुरुआती संकेत बताते हैं कि देश में महिला-पुरुष अनुपात अनुकूलता की ओर बढ़ रहा है।
सामुदायिक स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत से पहले, ओडिशा के बालासोर में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया।
बेलग्रेड पहुंचने पर सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूसिक ने निकोला टेस्ला हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गांदीजेवा स्ट्रीट में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति कल माउंट अवाला में गुमनाम नायक के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करेंगी।
भारत की राष्ट्रपति की इस यात्रा की विशेषता कारोबारी संबंधों को बढाना है। इसी सिलसिले में 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भारत से सर्बिया पहुंच रहा है। इसमें तीन प्रमुख भारतीय परिसंघों- एसोचेम, फिक्की और सी आई आई के सदस्य शामिल होंगे। यह यात्रा कारोबार के अवसरों की संभावनाएं तलाशने के लिए दोनों देशों के कारोबारी समुदायों को प्रोत्साहित करने पर केन्द्रित होगी।
